प्रधानमंत्री मोदी ने अर्जेंटीना में सैन मार्टिन स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की

प्रधानमंत्री मोदी ने अर्जेंटीना में सैन मार्टिन स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की
Share this news

ब्यूनस आयर्स, 6 जुलाई 2025 (भाषा)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अर्जेंटीना के राष्ट्रीय नायक माने जाने वाले जनरल जोस डी सैन मार्टिन स्मारक पर यहां पुष्पांजलि अर्पित की।

जोस फ्रांसिस्को डी सैन मार्टिन वाई मटोरस को दक्षिण अमेरिकी देशों अर्जेंटीना, चिली और पेरू के मुक्तिदाता के रूप में भी जाना जाता है। इस स्मारक का निर्माण 1862 में फ्रांसीसी मूर्तिकार लुईस जोसेफ डौमास ने किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने सैन मार्टिन को किया संबोधित:

मोदी शुक्रवार शाम को दो दिवसीय यात्रा पर अर्जेंटीना पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ब्यूनस आयर्स में जनरल जोस डे सैन मार्टिन को श्रद्धांजलि दी। उनके साहस और नेतृत्व ने अर्जेंटीना के इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनका जीवन अर्जेंटीना के लोगों के लिए देशभक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बना हुआ है।’’


प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जेवियर मिलेई की द्विपक्षीय बैठक

मोदी का स्वागत यहां अर्जेंटीना सरकार के मुख्यालय कासा रोसाडा में राष्ट्रपति जेवियर मिलेई ने किया। वे द्विपक्षीय बैठक के लिए यहां पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिलेई ने भारत और अर्जेंटीना के बीच व्यापार में विविधता लाने पर सहमति जताई तथा रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा और खनिज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया, क्योंकि इससे एक-दूसरे के सामरिक हितों को पूरा किया जा सकेगा।


प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्रा का तीसरा पड़ाव : अर्जेंटीना

यह पिछले 57 वर्षों में अर्जेंटीना में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी की दूसरी अर्जेंटीना यात्रा है। उन्होंने 2018 में जी 20 शिखर सम्मेलन के लिए यहां का दौरा किया था।

यह प्रधानमंत्री की पांच देशों की यात्रा का तीसरा पड़ाव है।

मोदी ने यहां आने से पहले कहा था कि अर्जेंटीना लैटिन अमेरिका में एक प्रमुख आर्थिक साझेदार और जी 20 में एक करीबी सहयोगी है और वह राष्ट्रपति हावियर मिलेई के साथ चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं, जिनसे उन्होंने पिछले साल मुलाकात की थी।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements