पहले भारत पर कृषि बाजार खोलने का दबाव बनाया, अब देश मजबूती से खड़ा : शिवराज सिंह चौहान

पहले भारत पर कृषि बाजार खोलने का दबाव बनाया, अब देश मजबूती से खड़ा : शिवराज सिंह चौहान
Share this news

चौहान ने युवाओं और स्कूली छात्रों के साथ दो किलोमीटर साइकिल चलाई

विदिशा, 31 अगस्त 2025 (भाषा)

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अमेरिका का नाम लिए बिना कहा कि कुछ देशों ने भारत पर अपना कृषि बाजार खोलने का दबाव बनाया था लेकिन आज देश मजबूती से खड़ा है और वैश्विक मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रहा है। चौहान ने अपने लोकसभा क्षेत्र विदिशा में उन्नत खेती पर एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं राष्ट्रहित सर्वोपरि है और किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।


अब देश मजबूती से खड़ा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “कुछ देश हम पर कृषि बाजार को पूरी तरह से खोलने का दबाव बना रहे थे लेकिन आज हम गर्व से कह सकते हैं कि भारत दुनिया से दृढ़ता से अपनी बात करने की स्थिति में है।” शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “एक समय था जब हमें अमेरिका से कम गुणवत्ता वाला खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता था लेकिन आज हमारे खाद्य भंडार प्रचुर मात्रा में हैं।”


देश में गेहूं, चावल और मक्का का रिकॉर्ड उत्पादन 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत ने इस वर्ष कृषि में रिकॉर्ड 3.7 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की, जिसके परिणामस्वरूप गेहूं, चावल और मक्का का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ, जिससे देश का खाद्य भंडार लबालब भर गया है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत पर ‘टैरिफ’ लगाने के प्रयासों से अर्थव्यवस्था में व्यवधान आने की आशंका थी लेकिन देश ने केवल तीन महीनों में ही उच्चतम जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि हासिल कर ली, जिसमें कृषि का सबसे बड़ा योगदान रहा।


किसानों के खेतों में वैज्ञानिकों की 2,170 टीम तैनात

शिवराज सिंह चौहान ने विज्ञान को खेती से जोड़ने के मुद्दे पर कहा कि सरकार ने वैज्ञानिकों की 2,170 टीमों को सीधे किसानों के खेतों में तैनात किया है। उन्होंने कहा, “आगामी रबी सत्र के लिए वैज्ञानिक टीमें तीन अक्टूबर से खेतों का दौरा करेंगी और नई तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों पर जानकारी साझा करेंगी, जिसका उद्देश्य उत्पादकता बढ़ाना और लागत कम करना है।”


युवाओं और स्कूली बच्चों के साथ चलाई साईकिल

कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद, चौहान साइकिल पर सवार हुए और उन्होंने एसआईटी कॉलेज से आरटीओ कार्यालय तक लगभग दो किलोमीटर की दूरी युवाओं और स्कूली छात्रों के साथ तय की। साइकिल चलाते समय उन्होंने संदेश दिया, “मन में रखो एक ही सपना, स्वस्थ बनाना है भारत अपना।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements