जगदलपुर (छत्तीसगढ़), 17 अक्टूबर 2025 (भाषा)
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में वरिष्ठ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों की मौजूदगी में माओवादियों के केंद्रीय समिति के एक सदस्य सहित 210 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवादियों ने 19 एके-47 राइफल, 17 सेल्फ-लोडिंग राइफल, 23 इंसास राइफल, एक इंसास एलएमजी (लाइट मशीन गन), 36 .303 राइफल, चार कार्बाइन और 11 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) सहित 153 हथियारों को भी सुरक्षाबलों के सामने रखा।
आत्मसमर्पण करने वालों में एक केंद्रीय समिति सदस्य, 21 डिविजनल कमेटी सदस्य और 61 एरिया कमेटी सदस्य शामिल हैं। सभी आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों का आदिवासी समुदाय के नेताओं ने औपचारिक रूप से मुख्यधारा में स्वागत किया और उन्हें फूल भेंट किए। बाद में, आत्मसमर्पण करने वाले कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों तथा आदिवासी समुदाय के नेताओं ने तस्वीरें खिंचवाईं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

