देवास/इंदौर, 21 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के देवास जिले में पटाखा कारखाने में विस्फोट के मामले में फरार मुख्य आरोपी को चीन से भारत लौटते ही बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या थी घटना?
देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में 14 मई को पटाखा कारखाने में धमाके में छह मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 20 से ज्यादा श्रमिक घायल हो गए थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली निवासी मुकेश विज घटना के बाद से फरार था और उसके विदेश में होने की जानकारी मिली थी।
देवास पुलिस का लुक आउट सर्कुलर
उन्होंने बताया कि देवास पुलिस ने विज की गिरफ्तारी के लिए ‘लुक आउट सर्कुलर’ (देश छोड़कर भागने या विदेश से लौटने वाले वांछित व्यक्तियों की निगरानी संबंधी अलर्ट) जारी कराया था और इस आधार पर नयी दिल्ली के हवाई अड्डे पर उसकी पहचान करके उसे गिरफ्तार किया गया।
पटाखा फैक्ट्री केस में 5वीं गिरफ्तारी
अधिकारी ने बताया कि विज चीन के गुआंगजौ शहर से बृहस्पतिवार सुबह नयी दिल्ली पहुंचा था और उसकी पटाखा कारखाना संचालन में कथित तौर पर परदे के पीछे मुख्य भूमिका थी। अधिकारी के मुताबिक, इस मामले में कारखाना लाइसेंसी अनिल मालवीय और संयुक्त संचालक कपिल विज सहित चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

