पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में वंदे मातरम् गाना अनिवार्य, सरकार का आदेश

पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में वंदे मातरम् गाना अनिवार्य, सरकार का आदेश
Share this news

कोलकाता, 21 मई 2026 (भाषा)

पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रार्थना सभा के दौरान राज्य के सभी मदरसों में वंदे मातरम् का गाना तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।

सभी मदरसों पर लागू होगा नया आदेश

मदरसा शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह निर्देश सरकार के मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, अनुमोदित शिशु शिक्षा केंद्रों, माध्यमिक शिक्षा केंद्रों तथा अल्पसंख्यक मामलों एवं मदरसा शिक्षा विभाग के तहत आने वाले मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसों पर भी लागू होगा।

मदरसों में कक्षा से पहले ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य

अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘कक्षाओं की शुरुआत से पहले प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य किया जाता है।’’ विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह निर्णय सभी संस्थानों में प्रार्थना सभा की प्रक्रियाओं में ‘‘एकरूपता’’ लाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना है।’’

इसका सख्ती से पालन करने का निर्देश

यह अधिसूचना सभी जिलाधिकारियों, जिला स्कूल निरीक्षकों, पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह राज्य सरकार ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में भी सुबह की प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य करने का निर्देश दिया था। इस कदम को लेकर निर्देश में कहा गया है कि प्रत्येक छात्र को विद्यालय में दिन की शुरुआत में राष्ट्रगीत के गायन में भाग लेना होगा और संस्थान प्रमुखों को इसका सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements