इंस्टाग्राम पर फोटो लगाने पर युवक की धारदार हथियार से हत्या

इंस्टाग्राम पर फोटो लगाने पर युवक की धारदार हथियार से हत्या
Share this news

शाहजहांपुर (उप्र), 01 अगस्त 2026 (भाषा)

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में इंस्टाग्राम पर दूसरे धर्म की युवती के साथ फोटो लगाने पर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दो समुदायों का होने के कारण गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर शांति बनी हुई है।

खेत से लौट रहे 22 वर्षीय युवक पर हमला

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कांट थाना क्षेत्र कमललेनपुर गांव का गौतम मौर्य (22) शुक्रवार रात 10 बजे के बाद अपने खेत से लौट रहा था, तभी समीर (19) नामक युवक ने अपने साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया।

रास्ते में घेरकर मारपीट

दीक्षित ने दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी समीर ने खेत से लौटते समय गौतम मौर्य पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस दौरान जब ग्रामीणों ने चीखें सुनी तो उन्होंने आरोपी समीर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

सिपाही को घायल कर भाग रहा आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि पुलिस जब आरोपी से पूछताछ के बाद आज सुबह धारदार हथियार की खोज में खेतों में गई तो आरोपी ने घटना के बाद फेके गए चाकू को उठाकर सिपाही देवेंद्र के हाथ पर प्रहार कर दिया और भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई जो आरोपी के पैर में लगी।

फोटो इंस्टाग्राम पर लगाने से नाराज था आरोपी समीर

स्थानीय पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि गौतम ने गत 12 जुलाई को उसकी एक बहन की तस्वीर सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर अपने साथ लगायी थी जिसे देखकर वह बेहद नाराज था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में समीर को गिरफ्तार का राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, वहीं तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गयी है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements