ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार जाएगी : राहुल गांधी

ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार जाएगी : राहुल गांधी
Share this news

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर 2026 (भाषा)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी जाएंगे तथा मोदी सरकार भी जाएगी और इसके बाद लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा।

ज्ञानेश कुमार और यह सरकार जाएगी : राहुल गांधी

गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ज्ञानेश कुमार जाएंगे। यह सरकार जाएगी। फिर लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर संसद के केंद्रीय कक्ष में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को दिए गए अपने भाषण की एक वीडियो क्लिप भी साझा की।

गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार से कहीं “अधिक गंभीर समस्या” है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष पिछले कुछ दिन की तरह अपना दबाव बनाए रखता है, तो सरकार गिर जाएगी।

इसके खिलाफ संघर्ष और जान देना भी सार्थक

गांधी ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों से कहा था कि विपक्षी प्रदर्शनों ने इस सरकार की नींव हिला दी है और अब यह सरकार डर गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा था, ‘‘ज्ञानेश कुमार से कहीं अधिक गहरी समस्या है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है।’’ उन्होंने कहा कि यह ऐसी लड़ाई है, जिसके लिए संघर्ष करना और जान तक देना सार्थक है।

राहुल गांधी ने सरकार और चुनाव आयोग को घेरा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”यदि हम पिछले तीन-चार दिनों की तरह अपना दबाव बनाए रखते हैं, तो मैं गारंटी देता हूं कि यह सरकार गिर जाएगी।” विपक्ष का यह आक्रामक रुख अंग्रेजी ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की उस खबर के कुछ दिनों बाद देखने को मिल रहा है जिसमें कहा गया था कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 माह में कम से कम 14 बार लिखित रूप से आपत्ति जताई थी, जिनमें से अधिकांश आपत्तियां मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित निर्णयों और आदेशों पर थीं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements