छतरपुर (मध्यप्रदेश), 10 अक्टूबर 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार पेड़ से टकराई
अधिकारी के मुताबिक यह हादसा सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मातगुवां थाना क्षेत्र के खैरों गांव के पास बृहस्पतिवार शाम को हुआ। मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि छतरपुर के नट मोहल्ला निवासी पांच लोग सड़क दुर्घटना में घायल अपने रिश्तेदारों को देखने के लिए कार से शाहगढ़ जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी दौरान रास्ते में खैरों गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
इलाज के दौरान दो की मौत
सूचना मिलने पर मातगुवां पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारी ने बताया कि इलाज के दौरान प्यारे खान (65) और शरीफ खान (45) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तीन अन्य गंभीर रूप से घायलों का उपचार जारी है। चौबे ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

