अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के कारण नौ लोगों की मौत, छह व्यक्ति घायल

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के कारण नौ लोगों की मौत, छह व्यक्ति घायल
Share this news

अहमदाबाद, 19 जुलाई 2026 (भाषा)

गुजरात के अहमदाबाद शहर के रामोल इलाके में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट और आग लगने की घटना में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

करीब 3:30 बजे घटना

पुलिस ने बताया कि रामोल-गात्राड रोड पर स्थित फैक्टरी में विस्फोट और उसके बाद आग लगने की यह घटना अपराह्न करीब 3:30 बजे हुई। घायलों को असरवा स्थित सिविल अस्पताल और मणिनगर के एल.जी. अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आठ की मौत, एक महिला की हालत स्थिर

सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “एक व्यक्ति को मृत अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया, जबकि पांच घायल यहां भर्ती किए गए हैं। उनका इलाज जारी है।” एल.जी. अस्पताल की अधीक्षक लीना डाभी ने कहा, “अस्पताल में नौ लोगों को लाया गया था, जिनमें से आठ की मौत हो गई। एक घायल महिला की हालत स्थिर है।”

खेत में चल रही थी अवैध पटाखा फैक्टरी

संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर ने बताया कि यह पटाखा फैक्टरी एक खुले खेत में स्थित थी और इसके पास वैध लाइसेंस नहीं था। त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) और अहमदाबाद दमकल सेवा की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव व राहत कार्य शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत गैर-इरादतन हत्या व अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शहर की अपराध शाखा कर रही है।

मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अहमदाबाद, गुजरात में पटाखा फैक्टरी में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर से बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।” पोस्ट में कहा गया है, “घायलों के जल्द स्वस्थ होने की काम करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये सहायता दी जाएगी।”

सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री पटेल ने भी मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा की। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद की पटाखा फैक्टरी में हुई दुर्घटना की खबर बेहद दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’ उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद और इलाज उपलब्ध करा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता देगी।”

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements