जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण 11 लोगों की मौत, कई लापता

जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण 11 लोगों की मौत, कई लापता
Share this news

जम्मू, 19 जुलाई 2026 (भाषा)

जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती जिलों पुंछ और राजौरी में रविवार को मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लापता हैं। इसके बाद विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त रूप से व्यापक बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया है।

पुंछ के सुरनकोट में सबसे ज्यादा तबाही

अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक तबाही पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में हुई, जहां अधिकांश मौतें दर्ज की गईं। लगातार बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ है, हालांकि बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।

सीएम उमर अब्दुल्ला का दिल्ली दौरा रद्द

पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली गए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने संभाग के कुछ हिस्सों में बिगड़ते हालात को देखते हुए अपना दौरा बीच में ही समाप्त कर दोपहर में जम्मू लौटने का निर्णय लिया।

सुरनकोट में भूस्खलन की चपेट में आया मकान

अधिकारियों ने बताया कि सुरनकोट के लोअर मुराह गांव में मूसलाधार बारिश के कारण रविवार तड़के हुए भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया, जिससे उसमें रह रहे आठ लोग मलबे में दब गए। बचाव दल ने सोफियान यासिर (दो) समेत पांच लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष की तलाश जारी है।

संगला और नूनाबंदी में भारी तबाही

उन्होंने बताया कि संगला गांव में अचानक आई बाढ़ में एक ही परिवार के चार सदस्य बह गए। लापता लोगों में अब्दुल हमीद, उनकी पत्नी शरीफा बेगम, बेटी अरीबा और बहन मनीरा बेगम शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, नूनाबंदी गांव में एक मकान ढहने से नाजिया कौसर (28) की मौत हो गई। उनके पति मोहम्मद हाफिज और दो से छह वर्ष की आयु के तीन बच्चों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

संगलानी और हवेली में मकान ढहने से मौतें

सुरनकोट के संगलानी क्षेत्र में मकान ढहने से शाहजैब अहमद (22) की मौत हो गई, जबकि मरहोट क्षेत्र में इरम नामक एक नाबालिग लड़की नाले में डूब गई। इसके अलावा, धुंधक लाथूंग पुल के निकट एक नाले से एक अज्ञात महिला का शव भी बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले की हवेली तहसील में लगभग छह मकान ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

बाढ़ में बहे वाहन, नदी से महिला का शव बरामद

राजौरी शहर में भी रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के दौरान एक नदी से महिला का शव बरामद किया गया। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर जाने के कारण सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। नदियों और नालों के उफान पर आने तथा तटबंधों के टूटने से कई वाहन बह गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से राहत एवं बचाव दल प्रभावित परिवारों को सुरक्षित निकालने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। राजौरी से कांग्रेस के विधायक इफ्तिखार अहमद ने कहा कि अचानक आई इस बाढ़ से सरकारी और निजी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।

प्रदर्शन छोड़ निर्वाचन क्षेत्र पहुंचे कांग्रेस विधायक

राजौरी के विधायक इफ्तिखार अहमद को पूर्ण राज्य के दर्जे की बहाली के समर्थन में जम्मू में लोक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन में शामिल होना था बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र लौट आए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने लोगों के साथ खड़ा रहने के लिए पार्टी का कार्यक्रम छोड़कर वापस आया हूं, क्योंकि अचानक आई बाढ़ से सरकारी और निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements