नयी दिल्ली, 19 नवंबर 2025 (भाषा)
राजा रवि वर्मा के बनाए 45 रेखाचित्रों का दुर्लभ संग्रह 23-24 नवंबर को ‘अष्टगुरु’ की आगामी ‘आइकॉनिक मास्टर्स’ नीलामी का मुख्य आकर्षण होगा। इस संग्रह में अंतरंग चित्रों से लेकर रोजमर्रा के ग्रामीण जीवन, प्रकृति और पौराणिक जैसे विभिन्न विषय शामिल हैं।
लगभग 36 ‘शीट’ पर 45 रेखाचित्रों का यह संग्रह 15-20 करोड़ रुपये के अनुमान के साथ नीलामी में सबसे आगे रहेगा। इसके अलावा एम एफ हुसैन, कृष्ण खन्ना, अमृता शेरगिल, एफ एन सूजा और सतीश गुजराल समेत नौ अन्य भारतीयों की कृतियां नीलामी में शामिल होंगी।
नीलामी घर ‘अष्टगुरु’ ने एक बयान में कहा, “हर कृति अनूठी है, जो मानवीय अभिव्यक्ति और कहानी बताने की उनकी गहरी समझ को दर्शाती है… कुल मिलाकर, ये कृतियां वर्मा की बहुमुखी कलात्मक प्रतिभा और परंपरा को आधुनिक संवेदनाओं से जोड़ने की उनकी क्षमता की एक दुर्लभ झलक पेश करती हैं। यह संग्रह न केवल उनकी स्थायी विरासत है, बल्कि उनकी दृष्टि की कालातीत सुंदरता को भी उजागर करता है।’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

