समरकंद (उज्बेकिस्तान), 16 सितंबर 2025 (भाषा)
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर वैशाली ने सोमवार को यहां 11वें और अंतिम दौर में पूर्व विश्व चैंपियन चीन की झोंगयी टैन के साथ कड़े मुकाबले में ड्रॉ खेलकर लगातार दूसरी बार फिडे ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट का खिताब जीता और महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह बनाई।
वैशाली ने 2023 में आइल ऑफ मैन में भी यह टूर्नामेंट जीता था। उनकी जीत इस बात का संकेत है कि भारतीय महिला खिलाड़ी भी जल्द ही पुरुष समकक्षों की तरह सुर्खियों में छाएंगी।
इस प्रतियोगिता में शामिल अन्य भारतीयों में से कोई भी कैंडिडेट्स में जगह नहीं बना सका।
दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी पिछले महिला विश्व कप में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहने के बाद पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। वैशाली के अब उनके साथ जुड़ने के साथ तीन भारतीय महिलाएं कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने की कोशिश करेंगी जिससे उन्हें विश्व महिला शतरंज खिताब जीतने का मौका मिलेगा।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करे

