जम्मू कश्मीर : तीन सप्ताह तक अस्थायी रोक के बाद वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू

जम्मू कश्मीर : तीन सप्ताह तक अस्थायी रोक के बाद वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू
Share this news

जम्मू, 17 सितंबर 2025 (भाषा)

‘जय माता दी’ के नारों के बीच जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हो गई। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने आज सुबह से अनुकूल मौसम होने की स्थिति में यात्रा को फिर से शुरू करने की घोषणा की, जिससे कटरा शहर में डेरा डाले हुए कई श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। कटरा शहर तीर्थयात्रियों का आधार शिविर है।

विनाशकारी भूस्खलन से यात्रा 22 दिन रही स्थगित

विनाशकारी भूस्खलन के कारण 22 दिनों तक यात्रा स्थगित रही थी। इस भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 घायल हो गए थे।

तीर्थयात्रियों के खिले चेहरे

यात्रा के आरंभ स्थल, बाणगंगा दर्शनी द्वार पर सैकड़ों श्रद्धालु तड़के ही एकत्रित हो गए और यात्रा शुरू होने पर अपार खुशी और राहत व्यक्त की। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम और मंदिर तक जाने वाले मार्ग के आवश्यक रखरखाव के कारण अस्थायी रूप से स्थगित किए जाने के बाद, पहाड़ी पर स्थित मंदिर की ओर जाने वाले दोनों मार्गों से यात्रा सुबह छह बजे शुरू हो गई।

श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र रखने की सलाह

अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र साथ रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने और जमीनी कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की सलाह दी जाती है। उन्होंने बताया कि रेडियो फ्रीक्वेंसी परिचय पत्र (आरएफआईडी) आधारित ट्रैकिंग अनिवार्य रहेगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे और श्रद्धालुओं की जानकारी मिलती रहे ।

मंदिर बोर्ड ने अस्थायी निलंबन के दौरान धैर्य और समझदारी दिखाने के लिए सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements