हाइलाइट्स
| 1. एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में छात्र ने की आत्महत्या। 2. मृतक एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल था। 3. दोस्तों ने कमरे में फांसी पर लटका पाया। |
इंदौर (मध्यप्रदेश), 03 फरवरी 2026 (भाषा)
इंदौर के एक शासकीय महाविद्यालय के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र ने सोमवार को छात्रावास में खुदकुशी कर ली।
फंदे पर मृत लटका मिला छात्र
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) तुषार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस प्रथम वर्ष का विद्यार्थी अंतरिक्ष अग्रवाल (20) छात्रावास में अपने कमरे में फंखे से लगे फांसी के फंदे पर मृत लटका मिला। ‘‘कमरे में अग्रवाल के साथ रहने वाले एक छात्र ने शाम को महाविद्यालय से लौटने पर दरवाजा खटखटाया। देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अन्य छात्रों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। इससे उन्हें अंतरिक्ष की खुदकुशी के बारे में पता चला।’’
पढ़ाई का दबाव बना वजह?
एसीपी ने बताया कि आत्महत्या से पहले अंतरिक्ष द्वारा लिखकर छोड़ा गया कोई पत्र पुलिस को अब तक नहीं मिला है।उन्होंने कहा, ‘‘पहली नजर में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों ने हमें बताया कि अंतरिक्ष पढ़ाई को लेकर तनाव में रहता था।’’
ग्वालियर का रहने वाला था अंतरिक्ष
सिंह ने बताया कि अंतरिक्ष मूलतः ग्वालियर जिले का रहने वाला था और उसने पिछले साल इंदौर के महाविद्यालय के एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला लिया था।एसीपी ने बताया कि अंतरिक्ष के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया है और उसकी मौत को लेकर सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच जारी है।
इस बीच, महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि अंतरिक्ष की मौत की वजह की जांच के लिए संस्थान की ओर से एक समिति बनाई गई है और इस बारे में उसके साथियों से भी बात की जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

