खरगोन (मध्यप्रदेश), 03 फरवरी 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के एक गांव में सोमवार को नर्मदा तट के पास एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 19 नामजद समेत 25 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
मण्डलेश्वर के थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि सुलगांव (दगड़ी) के निवासी मोहन पाटीदार की 90 वर्षीय दादी के निधन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए नर्मदा नदी के समीप पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि नर्मदा तट से करीब 200 मीटर दूर शव जलाने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई।
हिंसक झड़प में बदला विवाद
पुलिस के मुताबिक आपत्ति जता रहे पक्ष का कहना था कि शवदाह स्थल नर्मदा से निर्धारित दूरी पर नहीं है। तिवारी ने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र विवाद में बदल गई और इसी दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
10 से ज्यादा लोग घायल
इस घटना में एक पुलिस जवान और ग्राम चौकीदार समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मण्डलेश्वर, महेश्वर और कसरावद थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारी पुलिस सुरक्षा के बीच बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। मण्डलेश्वर की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) श्वेता शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
गांव में फिलहाल शांति
फिलहाल गांव में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 19 नामजद समेत 25 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

