इंदौर (मध्यप्रदेश), 10 मार्च 2026 (भाषा)
इंदौर में एक पुराने मकान को गिराए जाने के दौरान सोमवार रात इसका बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया जिसके मलबे में दबकर दो मजदूर घायल हो गए।
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह हादसा तब हुआ, जब भवानी नगर कॉलोनी की मुख्य सड़क पर एक पुराने मकान को पुनर्निर्माण के लिए गिराया जा रहा था।
उन्होंने बताया, ‘‘हादसे के दौरान मकान की छत, दीवार और पिलर के हिस्से गिर गए। वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। हमने डेढ़ घंटे में स्थानीय नागरिकों की मदद से उन्हें बचाकर एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।’’
थाना प्रभारी के मुताबिक इलाज के बाद दोनों मजदूरों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

