मप्र : इंदौर-देवास रोड पर भीषण जाम में फंसे हजारों वाहन, ‘दिल के दौरे’ से बुजुर्ग की मौत

इंदौर-देवास रोड पर भीषण जाम में फंसे बुजुर्ग की मौत
Share this news

इंदौर, 27 जून (भाषा)। मध्यप्रदेश के सबसे व्यस्त माने जाने वाले आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग के इंदौर-देवास रोड पर शुक्रवार को घंटों चले भीषण जाम के कारण एक 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल पांचाल, निवासी बिजलपुर, इंदौर के रूप में हुई है। वे खेती-किसानी से जुड़े हुए थे।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को कमल पांचाल अपने बेटे विजय के साथ कार से देवास जा रहे थे। लेकिन अर्जुन बड़ौदा गांव के पास सड़क निर्माण कार्य के चलते हाईवे पर करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। जाम में हजारों वाहन फंसे रहे और तेज धूप में लोग बेहद परेशान हुए।

इस दौरान कमल पांचाल को घबराहट होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। विजय ने राहगीरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार को किसी तरह जाम से बाहर निकाला और अपने पिता को देवास के एक निजी अस्पताल ले गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने जताई नाराजगी

विजय ने कहा, “अगर सड़क पर जाम नहीं होता, तो समय पर अस्पताल पहुंच सकते थे। सरकार को चाहिए कि इंदौर-देवास रोड पर यातायात सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए। ऐसी स्थिति में किसी और को अपने परिजन को खोना न पड़े।”

विजय का यह भी कहना है कि कई दिनों से जाम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन कोई यातायात पुलिसकर्मी वहां मौजूद नहीं था।

पुलिस और प्रशासन का जवाब

इंदौर की पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हितिका वासल ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और अतिरिक्त बल को यातायात व्यवस्था के लिए लगाया गया है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में मार्ग परिवर्तित भी किए गए हैं।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक सुमेश बांझल ने बताया कि एक साथ चल रहे अनेक निर्माण कार्य, बारिश, और ‘ब्लैक स्पॉट’ हटाने जैसे प्रयासों की वजह से जाम की स्थिति बनी है। अर्जुन बड़ौदा गांव में अंडरपास निर्माण, इंदौर-उज्जैन रोड को छह लेन में बदलना और मांगलिया-सांवेर रोड पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की वजह से हाईवे पर दबाव बढ़ गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि एनएचएआई अपने निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए तत्पर है ताकि लोगों को राहत मिल सके।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements