इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 फरवरी 2026 (भाषा)
इंदौर में शराब के नशे में धुत होकर एक मंदिर की चहारदीवारी पर पेशाब करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
दक्षिणपंथी संगठनों ने की गिरफ्तारी की मांग
मोती तबेला क्षेत्र स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के परिसर की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दक्षिणपंथी संगठनों ने आक्रोश जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
शराब के नशे में धुत थे आरोपी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात की घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजा दुबे, कमल अहिरवार और अर्पित चौहान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया,‘‘घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में धुत थे और उन्हें सूझ नहीं रहा था कि वे क्या कर रहे हैं।’’
इस बीच, सोशल मीडिया पर एक और वीडियो प्रसारित हो रहा है। वीडियो में तीनों आरोपियों को अपने दोनों कान पकड़े देखा जा सकता है और यह कहते सुना जा सकता है कि वे पूरे हिंदू समुदाय से माफी मांगते हैं और आइंदा ऐसी गलती नहीं करेंगे।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

