लारेंस लाईन, पंजाब किराना के पीछे, हाऊसिंग बोर्ड कार्यालय के पीछे स्थित कॉलोनी के लोगों के स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़
कटनी, 03 जनवरी 2026 (दैमप्र)
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया है लेकिन ऐसा लग रहा है कि इस घटना से कटनी के अफसरों ने कोई सबक नहीं लिया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मटमेले पानी की सप्लाई की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं और उस पानी का सेवन लोग करने विवश हैं क्योंकि उनके पास दूसरा कोई विकल्प ही नहीं है। विश्राम बाबा हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से गंदा कीड़ा युक्त दुर्गन्ध वाला पानी आ रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 400 घरों में पिछले एक सप्ताह से गंदा पानी आ रहा है और उसी पानी का सेवन लोग कर रहे हैं।
गंदा पानी पीकर लोगों के बीमार होने की आशंका
बिश्राम बाबा वार्ड क्रमांक- 44 की पार्षद राजकुमारी मिथलेश जैन द्वारा नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत करके बतलाया गया है कि उनके वार्ड की हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित पानी की टंकी से सप्लाई होने वाले क्षेत्र लारेंस लाईन, पंजाब किराना के पीछे, हाऊसिंग बोर्ड कार्यालय के पीछे स्थित कॉलोनी इत्यादि क्षेत्रों में टंकी से अत्यधिक गंदा व कीटाणु युक्त पानी की सप्लाई हो रहा है । यह पूरा क्षेत्र पानी के लिये नगर निगम की जल सप्लाई पर आश्रित है परन्तु ऐसा गंदा पानी पीकर लोगों के बीमार होने की आशंका है ।अनेकों दिनों से गंदा पानी आ रहा है । नगर निगम को जानकारी होने के बावजूद सुधार हेतु आवश्यक कार्यवाही नहीं की जा रही है जबकि विगत दिनों इंदौर में गंदा पानी पीकर अनेकों व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है लेकिन नगर निगम कटनी द्वारा इस समस्या के समाधान हेतु कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है । उन्होंने आयुक्त व अन्य अधिकारियों से आग्रह किया है कि स्थल निरीक्षण करते हुए शुद्ध पेयजल की सप्लाई किया जाना सुनिश्चित करें।

उबालकर पी रहे पानी
स्थानीय नागरिक प्रदीप पंजाबी ने बताया कि कई दिनों से क्षेत्र में नगर निगम के माध्यम से सप्लाई हो रहा पानी काफी गंदा आ रहा है उसमें कीड़े के साथ दुर्गन्ध भी आ रही है। शिखा मलिक ने बताया कि पिछले 7 दिनों से खराब पानी आ रहा है और मजबूरी में हम लोग उसका सेवन कर रहे हैं। स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर हम पानी को साफ करने के बाद उसे उबालकर पी रहे हैं ताकि कोई बीमार न पड़े। हरीश गांधी ने बताया कि कई दिनों से गंदा मटमेला पानी की सप्लाई हो रही है कोई ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्र में सैकड़ों परिवारों का जीवन खतरे में डालकर निगम के अफसर खामोश हैं। लगातार मौखिक रूप से सूचना देने के बाद भी सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है।

एक मात्र केमिस्ट को अतिक्रमण विभाग का जिम्मा!
बताया जाता है कि नगर निगम के 19 वार्डों में अमकुही फिल्टर प्लांट से पानी की सप्लाई होती है जबकि शेष अन्य वार्डों में हैंड पंप, बोरवेल के माध्यम से टंकी का निर्माण कर उनके माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए नगर निगम में एक मात्र केमिस्ट मनुमेंद्र सिंह हैं जिन्हें अतिक्रमण शाखा का प्रभारी बना दिया गया है जो अब शहर में अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था में जुटे हुए हैं और नगर निगम द्वारा प्रदाय किए जा रहे पानी की शुद्धता भगवान भरोसे है।
इनका कहना है
लारेंस लाईन, पंजाब किराना के पीछे, हाऊसिंग बोर्ड कार्यालय के पीछे स्थित कॉलोनी इत्यादि क्षेत्रों में टंकी से गंदे पानी आने की शिकायत आने के बाद तत्काल सुधार कार्य कराया गया है, पानी पीने योग्य है दूषित नहीं है।
तपस्या परिहार
आयुक्त नगर निगम
ट्यूबवेल का पानी ड्रेन कराकर जांच उपरांत हुई शुद्ध पेयजल की सप्लाई
विश्राम बाबा वार्ड की लारेंस लाईन पटेल मार्केट के पीछे मटमैले पानी की शिकायत को त्वरित संज्ञान में लेते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने निगम की जलकार्य शाखा को प्रकरण की वस्तुस्थिति की जांच कर उचित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। परिपालन में जल कार्य शाखा द्वारा स्थल का निरीक्षण कर ट्यूबवेल का पानी ड्रेन कराया जाकर पानी की जांच उपरांत पेयजल आपूर्ति कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

जल प्रदाय शाखा के उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान नलकूप के जलस्तर में परिवर्तन होने के कारण मटमैले पानी की शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसके त्वरित निराकरण हेतु नलकूप को ड्रेन किया जाकर उसकी सफाई उपरांत पानी का केमिस्ट से सैंपल की जांच कराई जाकर शुद्ध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करा दी गई है।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

