कटनी : अराध्य भगवान झूलेलाल पर अमर्यादित टिप्पणी पर बिफरे लोग, निकाला विशाल जुलूस, सिंधी समाज ने बंद रखे प्रतिष्ठान

अराध्य भगवान झूलेलाल पर अमर्यादित टिप्पणी पर बिफरे लोग, निकाला विशाल जुलूस, सिंधी समाज ने बंद रखे प्रतिष्ठान
Share this news

जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन में पहुंचे,विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग भी रहे शामिल

कटनी , 05 नवंबर 2025 (दैमप्र)

अराध्य भगवान झूलेलाल पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को शहर में व्यापक आक्रोश देखा गया। सुबह से ही दिलबहार चौक से विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग शामिल हुए। सिंधी समुदाय ने विरोध स्वरूप अपने सभी प्रतिष्ठान सुबह से बंद रखे, ताकि इस मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख प्रदर्शित किया जा सके। जुलूस के दौरान अन्य समाजों और संगठनों ने भी समर्थन व्यक्त किया और इसका समर्थन करते हुए कई लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।

जुलूस को सुरक्षा के दृष्टिकोण से किया मॉनिटर

जुलूस के आयोजकों ने कहा कि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन है और उनका उद्देश्य केवल अराध्य के प्रति अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में समाज को एकजुट करना है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले को संवेदनशीलता के साथ देखें और किसी प्रकार की हिंसा या अनुचित घटना से बचा जाए। स्थानीय प्रशासन ने भी जुलूस को सुरक्षा के दृष्टिकोण से मॉनिटर किया और मार्ग में यातायात नियंत्रण किए। इस विरोध का संदेश स्पष्ट है कि समाज अपनी धार्मिक भावनाओं के प्रति संवेदनशील है और किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को सहन नहीं करेगा।

अग्रसेन महाराज पर अपमानजनक टिप्पणी पर, मारवाड़ी समाज ने सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल द्वारा आराध्य देव अग्रसेन जी महाराज एवं मारवाड़ी समाज के प्रति की गई अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी के विरोध मे आज महामहिम राज्यपाल महोदय एवं मुख्यमंत्री को कलेक्टर कटनी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया।  

सौंपे गए ज्ञापन मे कहा गया की कुछ दिनों पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य में क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल द्वारा हमारे आराध्य भगवान श्री अग्रसेन महाराज जी तथा मारवाड़ी समाज के संबंध में अपमानजनक  एवं अभद्र टिप्पणी की गई है जो सभ्य समाज में ग्रहण करने योग्य नहीं है,इस प्रकार की टिप्पणी न केवल सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है साथ ही समाज की एकता, मर्यादा, और सद्भावना पर सीधा प्रहार है जिस कारण संपूर्ण मारवाड़ी समाज में रोष व्याप्त है इस ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल द्वारा की गई आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणी को गंभीरता से लेकर उनके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की जावे तथा यह भी सुनिश्चित किया जावे की भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। ज्ञापन एस डी एम श्री प्रमोद चतुर्वेदी को सौंप गया इस दौरान श्री राजस्थानी मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष गोपाल सिंघानिया, राजस्थान विवाह भवन ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष प्रवीण बजाज, महिला मण्डल अध्यक्ष हंसा खण्डेलवाल सपना सरावगी सहित पवन बजाज अजय खण्डेलवाल विजय सरावगी प्रमोद अग्रवाल किरतुका नीरज गोयल सतीश बजाज वेंकटेश गौर बिल्लू शर्मा संजय अग्रवाल अशोक भगेरिया जितेंद्र सिंघानिया सोमित गोयनका प्रकाश भौमिया नितिन पुरोहित राजीव सराफ़ शैलेन्द्र गौर राहुल बजाज ध्रुव माहेश्वरी पवन अग्रवाल निखिल शर्मा जीतेश अग्रवाल राघवेंद्र गोयनका अभिनंदन शर्मा सुमन शर्मा भूपेश अग्रवाल सहित समाज के अन्य जन उपस्थित थे ।

मौन जुलूस में शामिल हुई महापौर

छत्तीसगढ़ के रायपुर में अमित बघेल द्वारा भगवान झूलेलाल एवं महाराजा अग्रसेन जी के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सिंधी समाज द्वारा सोमवार प्रातः 11 बजे से दिलबहार चौक से मिशन चौक तक विशाल मौन जुलूस निकाला गया।

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने पार्षद साथियों के साथ इस मौन जुलूस में शामिल होकर समाज के साथ एकजुटता प्रदर्शित की। उन्होंने कहा कि समाज के आराध्य देवता एवं आस्था के प्रतीक भगवान झूलेलाल के संबंध में की गई अमर्यादित टिप्पणी ने संपूर्ण समाज की भावनाओं को आहत किया है। महापौर ने रायपुर निवासी आरोपी अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी की पुरजोर मांग करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणियाँ न केवल धार्मिक आस्थाओं का अपमान हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र के लिए भी हानिकारक हैं। इस दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, गोविंद चावला, डॉ रमेश सोनी, पार्षद श्याम पंजवानी, सचिन बहरे, पूर्व पार्षद राजू माखीजा, ऋचा गिलानी सहित अन्य जनों की मौजूदगी रही।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements