पन्ना (मध्यप्रदेश), 14 अक्टूबर 2026 (भाषा)
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पांच दिवसीय हिंदू एकता रथयात्रा के दौरान मंगलवार को करीब आधा दर्जन लोगों के सोने-चांदी के आभूषण कथित तौर पर चोरी हो गए।
जनता ने पकड़ीं दो संदिग्ध महिलाएं
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि यात्रा के दौरान करीब आधा दर्जन लोगों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत मिली है और इस मामले में लोगों ने दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘मामले की जांच जारी है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।’’
संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ जारी
उन्होंने प्रारंभिक जांच के आधार पर अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पुलिस संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की घटनाओं और उनमें संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
15 अक्टूबर को छतरपुर पहुंचेगी यात्रा
उल्लेखनीय है कि धीरेन्द्र शास्त्री की यह पांच दिवसीय यात्रा 11 अक्टूबर को बागेश्वर धाम से आरंभ हुई है जो पन्ना के हटा, दमोह, सागर, टीकमगढ़ से होते हुए करीब 500 किलोमीटर पूरी कर 15 अक्टूबर को छतरपुर पहुंचेगी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

