पालघर की बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो महिलाओं की मौत

पालघर की बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो महिलाओं की मौत
Share this news

पालघर, 14 अक्टूबर 2026 (भाषा)

महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुधवार आधी रात को 14 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया।

‘इम्पीरियल हाइट्स’ इमारत में लगी आग

वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) के दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नालासोपारा-वसई लिंक रोड पर स्थित ‘इम्पीरियल हाइट्स’ इमारत में रात 12 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि इमारत से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

धुएं से दम घुटने से दो महिलाओं की मौत

अधिकारी के अनुसार, इस घटना में फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाओं की मौत घने धुएं के कारण दम घुटने से होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा।

जान बचाने के लिए छज्जे पर चढ़े लोग

अधिकारी ने बताया कि छह अन्य लोगों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। आग तेजी से फैलने के कारण इमारत में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के बाद धुएं और लपटों से बचने के लिए इमारत में रहने वाले चार लोग बाहर की ओर बने एक संकरे छज्जे पर चले गए और करीब 45 मिनट तक वहां फंसे रहे। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बड़ी क्रेन की मदद से चारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

7 गाड़ियों ने बुझाई आग, कारण अभी स्पष्ट नहीं

अधिकारी ने बताया कि दमकल की सात गाड़ियां रातभर आग बुझाने में जुटी रहीं और सुबह सात बजकर 20 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया। बचाव अभियान का जायजा लेने के लिए पूर्व महापौर रूपेश जाधव समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के बाद प्रभावित हिस्से को ठंडा करने का काम जारी था। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements