पटना/हाजीपुर, 14 अक्टूबर (भाषा)
बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम 20 से अधिक लोगों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने से कम से कम 13 व्यक्तियों की डूबकर मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि मृतकों में अधिकतर बच्चे शामिल हैं।
हादसे में 14 की मौत, 30 लोग थे सवार : तेजस्वी यादव
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजस्वी यादव ने दावा किया कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे और हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव ने दिल्ली से जारी एक वीडियो बयान में कहा कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में आयोजित प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की और मुझे जानकारी मिली कि 14 शव बरामद किए गए हैं। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।’’
13 की मौत, 6 सुरक्षित बचाए गए : वर्षा सिंह
हालांकि, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोगों को बचा लिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि बचाव अभियान जारी है।
12 शव बरामद, 4 लोग सुरक्षित बचाए गए
तिरहुत रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीम की मदद से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। कुशवाहा ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सूचना मिलने के बाद मैं मुजफ्फरपुर स्थित प्रमंडलीय मुख्यालय से घटनास्थल पर पहुंचा। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभंकर मिश्रा की निगरानी में बचाव अभियान जारी है। अब तक 12 शव बरामद किए गए हैं और चार लोगों को बचाया गया है। बचाव अभियान जारी है।’’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे में ‘‘निर्दोष लोगों की जान जाने’’ पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की।
भोज में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण
इस बीच, हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नाव पर सवार ज्यादातर लोग इसी गांव के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर सवार लोग पास के एक गांव में आयोजित भोज में शामिल होने गए थे।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप, FIR की मांग
उधर, हादसे के बाद गांव के लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। स्थानीय निवासी रवि कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नाव की हालत जर्जर थी। हमने कई बार इसे बदलने की मांग की थी, लेकिन हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

