महिला जज को 500 करोड़ रु की मांग वाला धमकी भरा पत्र मिला, पुलिस उत्तर प्रदेश रवाना

महिला जज को 500 करोड़ रु की मांग वाला धमकी भरा पत्र मिला
Share this news

हाइलाइट्स

1. रीवा में एक महिला जज को 500 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाला धमकी पत्र मिला है।

2. पत्र उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया और उसमें डकैत हनुमान गिरोह का नाम लिखा था।

3. धमकी में जज को पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।

रीवा (मध्यप्रदेश), 05 सितंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में पदस्थ एक महिला जज को 500 करोड़ रु की मांग वाला धमकी भरा पत्र मिला है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।


स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्राप्त हुआ पत्र

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह पत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे त्योंथर न्यायालय में तैनात प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) मोहिनी भदौरिया को संबोधित है और दो दिन पहले स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्राप्त हुआ है।


पत्र में क्या लिखा?

पुलिस के अनुसार, पत्र में कहा गया है कि यह पैसा एक सितंबर की देर शाम तक उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बरगा में न्यायाधीश स्वयं लेकर आएं । एसपी ने बताया, “भेजने वाले ने खुद को एक कुख्यात डकैत बताया और पैसे न देने पर जज को जान से मारने की धमकी दी।


आरोपी की पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई

“पुलिस सूत्रों ने बताया कि भेजने वाले की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बरगा थाना अंतर्गत लोहगरा निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह डाकू हनुमान के गिरोह का सदस्य है। हालांकि, कुछ अन्य अधिकारियों ने कहा कि भेजने वाला संदीप सिंह नहीं है, जैसा कि पत्र में दावा किया गया था।


पुलिस टीम पहुंची उत्तर प्रदेश

एसपी सिंह ने कहा, “आरोपी को पकड़ने के लिए यहाँ से एक पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुँच गई है।” प्रयागराज से सुहागी थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि शिकायत मंगलवार को प्राप्त हुई है। हालाँकि उन्होंने और जानकारी देने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर सुहागी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 (जबरन वसूली) के तहत मामला दर्ज किया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements