मप्र में नीट अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी

मप्र में नीट अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी
Share this news

जबलपुर/भोपाल, 19 जून 2026 (भाषा)

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 20 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। नीट की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी।

इंदौर से रतलाम होते हुए भोपाल तक चलेगी ट्रेन

पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने जबलपुर में बताया कि ट्रेन संख्या 09354 इंदौर से रतलाम होते हुए भोपाल तक विशेष ट्रेन के रूप में चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 09353 भोपाल से रतलाम के बीच संचालित की जाएगी।

ट्रेन का समय और ठहराव

श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेन संख्या 09354, 20 जून को सुबह 11.25 बजे इंदौर से रवाना होकर उसी दिन शाम सात बजे भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज जंक्शन, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 09353, 20 जून को शाम 7.40 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन रात 12.55 बजे रतलाम पहुंचेगी। यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर ठहरेगी।

भोपाल मंडल में भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले नीट अभ्यर्थियों के साथ-साथ इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी राहत मिलेगी। इस बीच, पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने नीट अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अपने अधिकार क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक भीड़ प्रबंधन व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।

भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि मंडल क्षेत्र में भोपाल, अशोकनगर, गुना, नर्मदापुरम और विदिशा में परीक्षा केंद्र स्थित हैं तथा पुनर्परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के इन शहरों में पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भोपाल में सबसे अधिक 13,774 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 तथा अशोकनगर में 865 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements