आलीराजपुर में अवैध खुदाई के गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

आलीराजपुर में अवैध खुदाई के गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत
Share this news

आलीराजपुर, 13 अक्टूबर 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर कस्बे में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए कथित तौर पर खोदे गए गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

साइकिल चलाने निकले थे बच्चे

अधिकारी के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर कस्बे के तीखी इमली क्षेत्र में हुआ, जब सात से 10 वर्ष की उम्र के लवकुश, यशराज और राजवीर साइकिल लेकर घूमने निकले थे। अधिकारी ने बताया कि खेलते-खेलते तीनों बच्चे कथित रूप से अवैध उत्खनन के जरिये रेत निकालने के लिए खोदे गए गड्ढे में चले गए जिसमें बारिश का पानी भरा था। उन्होंने बताया कि गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों बच्चे डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई।

सरकारी जमीन पर बिना सुरक्षा खोदा गया था गड्ढा

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिंटू जमरा नामक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर गड्ढा खोदा था। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में जमरा की लापरवाही सामने आई है क्योंकि गड्ढा खोदने के बाद उसे ढका नहीं गया था और न ही उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।

निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर खुला जाम

इस बीच, बच्चों की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सरकारी अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। जिलाधिकारी नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements