आंध्र प्रदेश के कोनासीमा में गैस रिसाव के बाद भड़की आग, तीन गांवों के 600 लोगों को निकाला गया

आंध्र प्रदेश के कोनासीमा में गैस रिसाव के बाद भड़की आग, तीन गांवों के 600 लोगों को निकाला गया
Share this news

आंध्र प्रदेश में गैस के कुएं की आग बुझाने दिल्ली, मुंबई से पहुंच रही विशेषज्ञ टीम

मोरी (आंध्र प्रदेश), 06 जनवरी 2026 (भाषा)

आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर आंबेडकर कोनासीमा जिले में एक ठेकेदार द्वारा संचालित तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के कुएं में सोमवार को गैस रिसाव के कारण आग लग गई, जिसके बाद चार किलोमीटर के दायरे में तीन गांवों से लगभग 600 लोगों को निकाला गया।

गैस पाइपलाइन में रिसाव के कारण लगी आग

सार्वजनिक क्षेत्र की ‘महारत्न’ कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल घटनास्थल से किसी के भी घायल होने या मौत की कोई सूचना नहीं है। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा उत्पादन बढ़ाने के अभियान के तहत संचालित मोरी-5 कुएं में गैस पाइपलाइन में रिसाव के कारण यह आग लगी।’’ पड़ोसी गांवों इरुसुमंडा, गुडापल्ली और लक्कावरम के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। गांवों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों की संख्या फिलहाल पता नहीं चल सकी।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ली घटना की जानकारी

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आग की घटना के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ आग बुझाने के निर्देश दिए। गैस रिसाव के बाद, राजामुंद्री से ओएनजीसी के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का आकलन करने और आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए मलकीपुरम मंडल में स्थित कुआं मोरी-5 पर पहुंचे।

कोनासीमा जिला प्रशासन भी घटनास्थल पर आग बुझाने तथा सुरक्षा उपायों का समन्वय कर रहा है। जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, उप कलेक्टर और ओएनजीसी के अधिकारी घटनास्थल से 100 मीटर दूर स्थित सचिवालय से स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

आग ने घेरा धान के खेतों और नारियल के बागों को

शुरूआत में गैस का एक घना सफेद गुबार उठा जिसने आसपास के धान के खेतों और नारियल के बागों को घेर लिया। जिसके बाद आग लग गई और यह भीषण अग्निकांड गोदावरी नदी के डेल्टा के पार से देखा जा सकता था। ‘पीटीआई वीडियो’ के मुताबिक, वायरल हो रहे एक वीडियो में स्थानीय पुलिस और नारंगी, लाल तथा नीले रंग की वर्दी पहने श्रमिकों को इधर उधर भागते देखा जा सकता है, जबकि पास में ही कुछ दमकल गाड़ियां भी देखी गईं।

ओएनजीसी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मोरी क्षेत्र में पीईसी संचालक, दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा संचालित कुएं मोरी-5 पर कार्य के दौरान गैस रिसाव की एक घटना की सूचना दी गई।’’ यह कुआं एक दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है, जिसके लगभग 600 मीटर के दायरे में कोई रिहायशी बस्ती नहीं है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements