जयपुर, 17 फरवरी 2026 (भाषा)
राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी कस्बे में सोमवार को पटाखे बनाने वाली एक अवैध फैक्टरी में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई।
घटना में सात लोगों की मौत
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा पारीक ने बताया, “इस घटना में सात लोगों की मौत हुई है। इस गारमेंट फैक्टरी में अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे।” उन्होंने कहा कि फैक्टरी में फंसे दो लोगों को निकालकर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा-करोली औद्योगिक क्षेत्र में हुआ।
अवैध रूप से बनाए जा रहे थे पटाखे
पारीक ने कहा, “परिसर को गारमेंट फैक्टरी के लिए किराए पर लिया गया था, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार इसमें अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे।” उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी नियमित गश्त के दौरान मिली, इसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव का काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने वन मंत्री संजय शर्मा को अलवर पहुंचने का निर्देश दिया। वन मंत्री दोपहर बाद मौके पर पहुंचे और प्रभावित फैक्टरी का दौरा किया। संजय शर्मा ने अधिकारियों को विस्तृत जांच करने और भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सभी औद्योगिक इकाइयों की जांच का अभियान चलाने का निर्देश भी दिया।
फैक्टरी में मौजूद थे 20 से अधिक लोग
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार फैक्टरी में 20 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे जबकि नौ लोग अंदर फंस गए। इनमें से सात की मौत हो गई। डेढ़ घंटे से अधिक समय बाद आग पर काबू पाया जा सका।घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें आग लगने से पहले एक जोरदार धमाका होता दिख रहा है। फैक्टरी परिसर से बारूद, पटाखे और पैकिंग बॉक्स मिले हैं। शव बुरी तरह जले हुए थे और कई लोगों के सिर्फ कंकाल मिले। बचाव टीमों ने कई लोगों के बिखरे हुए शरीर के अंगों को पॉलिथीन की थैलियों में इकट्ठा किया।
किराए के घरों में रह रहे थे मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के शिकार हुए लोग बिहार के थे और पास में किराए के घरों में रह रहे थे। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने जयपुर में कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को तुरंत सभी राहत कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विधानसभा में ‘प्वाइंट आफ इन्फोर्मेशन’ के जरिए मुद्दे को उठाया और घायलों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने व भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया शोक व्यक्त
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सात लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’पर मोदी के हवाले से कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना, दुखद और बेहद अफसोसजनक है। मोदी ने कहा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

