कटनी, 26 दिसंबर 2025 (दैमप्र)
कटनी शहर के कोतवाली थाने में पुलिस ने महिला संबंधी शिकायत पर गिरफ्तार किए गए युवक की पुलिस लॉकअप में तबियत खराब हो गई और पुलिस को आनन फानन में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराना पड़ा। थाने में बंद युवक की बिगड़ी तबीयत जिससे हिरासत की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहें हैं।
आरोपी की पहचान:
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पहचान अनिल पंडित पिता रामलखन के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एक महिला ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले आरोपी को एक मंदिर के पास से हिरासत में लिया गया था और पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
लॉकअप में बंद आरोपी की अचानक बिगड़ी तबीयत
वही आरोप है कि आरोपी को तय समय सीमा के भीतर न्यायालय में पेश नहीं किया गया और उसे थाने के लॉकअप में ही रखा गया। इसी दौरान लॉकअप में बंद आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने स्थिति बिगड़ती देख तुरंत उसे कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। चर्चा है कि 24 घंटे बीतने के बाद भी न्यायालय में उसे पेश नहीं किया।
पूछताछ के लिए लाया गया था आरोपी को थाना
जबकि थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि महिला संबंधी अपराध के संबंध में उक्त व्यक्ति से पूंछताछ की जा रही थी लेकिन उसके द्वारा पहचान संबंधी कोई भी जानकारी नहीं दी गई और इस बीच उसकी तबियत खराब हुई तो पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने बताया कि महिला संबंधित मामले में आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल आरोपी की हालत सामान्य है और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। घटना के बाद पुलिस हिरासत की अवधि और पूछताछ की प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी कि पुलिस द्वारा सभी कानूनी प्रावधानों का पालन क्यों नहीं किया गया।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

