जबलपुर में खेत में बिछाए बिजली के तार की चपेट में आने से दो की मौत

जबलपुर में खेत में बिछाए बिजली के तार की चपेट में आने से दो की मौत
Share this news

जबलपुर, 27 फरवरी 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में खेत में बिछाए बिजली के तार के कारण करंट की चपेट में आने से एक नाबालिग सहित दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के चरगवां थाना अंतर्गत उमरिया गांव में बुधवार देर शाम हुई और दोनों का शव ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को देखा। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) भगत सिंह गौठरिया ने बताया कि 28 वर्षीय किशन ठाकुर बुधवार शाम को अपने रिश्तेदार गोविंद ठाकुर (16) के साथ जंगल के रास्ते से पैदल अपने गांव लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उमरिया गांव में जंगली सुअर से फसल का बचाव करने वास्ते खेत में बिजली के तार बिछाये गये थे और करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने के कारण किशन और गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई।

गौठरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गौठरिया ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि तार किसने और कब बिछाया।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements