देशभर में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाई गई होली

देशभर में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाई गई होली
Share this news

नयी दिल्ली, 05 मार्च 2026 (भाषा)

समूचे देश में बुधवार को रंगों का पर्व होली पारंपरिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान लोगों ने संगीत के बीच एक दूसरे को रंग लगाकर एवं मिठाई खिलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत के इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

उत्सव के रंग में रंगे नजर आए लोग

मथुरा-वृंदावन के मंदिरों की रस्मों और राजस्थान की जीवंत ‘धुलंडी’ से लेकर राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी (आप) की ‘कट्टर ईमानदार होली’ तक, शहरों और गांवों में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उत्सव के रंग में रंगे नजर आए।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी होली की शुभकामनाएं

देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि होली का त्योहार पूरे माहौल में नयी ऊर्जा भर देता है, यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, “होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है।”

उत्तर प्रदेश के तीर्थ नगर में उत्सव का विशेष रंग

उत्तर प्रदेश के तीर्थ नगर मथुरा में उत्सव का विशेष रंग देखने को मिला, जहां स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक श्रद्धा के साथ होली मनाई। बांके बिहारी मंदिर के बाहर भारी उत्साह के साथ होली खेली गई। हालांकि गर्भगृह के भीतर ऐसा नहीं हुआ। जिले के बछगांव में 150 साल पुरानी ‘चप्पल होली’ की परंपरा निभाई गई, जिसमें परिवार के बुजुर्ग प्रतीकात्मक रूप से छोटों को चप्पलों से मारते हैं। यह परंपरा ब्रिटिश काल के अत्याचारों के विरोध के रूप में शुरू हुई थी।

शाहजहांपुर में निकाला लाट साहब का जुलूस

इसी तरह की एक परंपरा उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भी देखने को मिली, जहां ‘लाट साहब’ का जुलूस निकाला गया। इस दौरान लोग नारे लगाते हुए प्रतीकात्मक रूप से ‘लाट साहब’ पर जूते बरसा रहे थे। सदियों पुरानी इस परंपरा में औपनिवेशिक काल के अधिकारी (लाट साहब) के रूप में एक व्यक्ति को बैलगाड़ी पर बिठाकर शहर में घुमाया जाता है।

आप के नेताओं की कट्टर ईमानदार होली

दिल्ली में, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी (‘आप’) के नेताओं ने मनीष सिसोदिया के आवास पर ‘कट्टर ईमानदार होली’ मनाई। आबकारी नीति मामले में दिल्ली की एक अदालत द्वारा केजरीवाल, सिसोदिया और 21 अन्य को क्लीन चिट दिए जाने के कुछ दिनों बाद सिसोदिया ने कहा, “आज हवा में भ्रष्टाचार के नहीं, बल्कि कट्टर ईमानदारी के रंग उड़ेंगे। यह होली ‘आप’ के लिए बेहद खास है।”

राहुल गांधी ने दी होली की शुभकामनाएं

अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रंग लगाया और बदले में खुद भी गुलाल से सराबोर हुए। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रंगों और प्रेम के उत्सव होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। होली के ये रंग आपके जीवन में नई उम्मीदें, नया उत्साह और अनगिनत खुशियां लेकर आएं।”

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements