जयपुर, 25 दिसंबर 2025 (भाषा)
रोहित शर्मा ने सिक्किम के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण का पूरा फायदा उठाते हुए 94 गेंद में 155 रन बनाये और लिस्ट ए क्रिकेट में वापसी के साथ उनकी शानदार पारी के दम पर मुंबई ने विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप सी के मैच में बुधवार को सिक्किम को आठ विकेट से हराया ।
रोहित ने लगाए 18 चौके और 9 छक्के
करीब बीस हजार दर्शकों को क्रिसमस का तोहफा देते हुए ‘हिटमैन’ रोहित ने अपनी पारी में 18 चौके और नौ छक्के लगाये । मुंबई ने जीत के लिये 237 रन का लक्ष्य 30 . 3 ओवर में हासिल कर लिया ।
सिक्किम के गेंदबाज रोहित के सामने नहीं के बराबर
सिक्किम के गेंदबाज पाल्जर तमांग, क्रांति कुमार, गुरिंदर सिंह और अंकुर मलिक की चुनौती रोहित के सामने नहीं के बराबर थी। उन्होंने क्रांति को मिडविकेट पर चौका लगाकर शुरूआत की। अपनी पारी के दौरान उन्होंने स्पिनरों को भी नहीं बख्शा। उन्हें दो जीवनदान भी मिले लेकिन रनगति में कोई रूकावट नहीं आई।
रोहित ने अंगकृष रघुवंशी (56 गेंद में 38) के साथ 141 और पदार्पण कर रहे मुशीर खान (27) के साथ 75 रन की साझेदारी की ।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

