प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के गिरजाघर में क्रिसमस की प्रार्थनासभा में हिस्सा लिया, शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के गिरजाघर में क्रिसमस की प्रार्थनासभा में हिस्सा लिया, शुभकामनाएं दीं
Share this news

नयी दिल्ली, 25 दिसंबर 2025 (भाषा)

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में क्रिसमस की प्रार्थनासभा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिल्ली और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में आए ईसाई श्रद्धालु गिरजाघर में उपस्थित थे। इस प्रार्थना सभा में प्रार्थनाएं, कैरल (गीत), भजन और दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप द्वारा प्रधानमंत्री के लिए एक विशेष प्रार्थना शामिल थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी जानकारी

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने दिल्ली के ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन’ में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया। प्रार्थना में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलक रहा था। आशा है कि क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सामंजस्य को प्रेरित करेगी।’’

इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘‘शांति, करुणा और आशा से भरे क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं। ईसा मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को सुदृढ़ करें।’’

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने दी क्रिसमस की शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आशा, प्रेम और दयालुता से परिपूर्ण आनंदमय क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं। ईसा मसीह का संदेश हमें अधिक मजबूत और संवेदनशील समुदाय बनाने के लिए प्रेरित करे और उनकी शिक्षाएं हमारे संबंधों को मजबूत करते हुए स्थायी शांति को बढ़ावा दें।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements