आईएएस अफसर के फार्म हाउस में पकड़े गए 18 जुआरी, अफसर की शिकायत अवैध तौर पर घुसे थे लोग

आईएएस अफसर के फार्म हाउस में पकड़े गए 18 जुआरी, अफसर की शिकायत ‘अवैध तौर पर घुसे थे लोग’
Share this news

इंदौर, 12 मार्च 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की एक महिला अधिकारी के फार्म हाउस पर छापा मारकर 18 लोगों को जुआ खेलने के आरोप में हिरासत में लिया है। इस घटना के बाद आईएएस अफसर ने पुलिस को पत्र भेजकर अपने फार्म हाउस में लोगों के अवैध तौर पर घुसकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की शिकायत की है।

18 व्यक्ति हिरासत में, छह लोग फरार

जुआ कांड को लेकर मचे बवाल के बीच एक थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मानपुर थाना क्षेत्र में आवलीपुरा गांव में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात एक फार्म हाउस पर छापा मारा, तो वहां 18 व्यक्तियों को कथित तौर पर जुआ खेलते वक्त हिरासत में लिया गया, जबकि छह अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

जुआरियों के पास से पकड़ा गया लाखों का कैश

प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में रहने वाले आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्तों के साथ 30 मोबाइल फोन और 13.68 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। फार्म हाउस के मुख्य गेट पर ताला लगा था और इसके अंदर लोग जुआ खेल रहे थे। जुआरियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और जुआ अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। फार्म हाउस पर लोगों को जुआ खिलवाने वाला मुख्य आरोपी जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा,फार्म हाउस की देख-रेख करने वाले कर्मचारी रंजीत चौधरी और अन्य लोग मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है। फार्म हाउस आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके परिजनों का है।

आरोपियों के पकड़ जाने के बाद आईएएस ने लिखा पत्र

जुआरियों के पकड़े जाने के बाद वैद्य ने पुलिस को पत्र भेजकर कहा कि अज्ञात लोग उनके परिवार के फार्म हाउस में अवैध रूप से घुसे और उन्हें आशंका है कि उन्होंने वहां चोरी भी की। उन्होंने पत्र में इन लोगों के खिलाफ संबद्ध प्रावधानों में अलग आपराधिक मामला दर्ज किए जाने का अनुरोध भी किया।

मानपुर पुलिस स्टेशन के कई अधिकारी निलंबित

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) यांगचेन डोलकर भूटिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘आईएएस अफसर के पत्र पर जांच कराई जाएगी और पता लगाया जाएगा कि उनके फार्म हाउस में लोगों ने किस तरह अवैध घुसपैठ की। जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।’’ उन्होंने बताया कि मानपुर पुलिस थाने के प्रभारी, बीट के प्रभारी उप निरीक्षक और एक सहायक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements