आंध्रप्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में मिलावटी दूध पीने से 12 लोगों की मौत, आठ अस्पताल में भर्ती

आंध्रप्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में मिलावटी दूध पीने से 12 लोगों की मौत, आठ अस्पताल में भर्ती
Share this news

राजामहेंद्रवरम (आंध्र प्रदेश), 12 मार्च 2026 (भाषा)

आंध्रप्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में दूध में मिलावट के एक संदिग्ध मामले में बारह लोगों की मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य लोगों का यहां के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस समूह की पहचान सबसे पहले 22 फरवरी को हुई थी, जब कई बुजुर्ग व्यक्तियों को पेशाब न आना, उल्टी, पेट दर्द और अन्य दिक्कतों के साथ अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। प्रभावित लोग लालाचेरुवु के चौदेश्वरनगर और स्वरूपनगर इलाकों के निवासी थे।

जांच में दूध में मिलावट की आशंका

एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘पुख्ता महामारी विज्ञान संबंधी साक्ष्य दूध में मिलावट को संभावित कारण के रूप में इंगित करते हैं, और विभिन्न विभागों में समन्वित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।’’ नैदानिक ​​जांच में रक्त में यूरिया और सीरम क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया, जो विषाक्त पदार्थों के संपर्क में आने का संकेत देता है।

106 परिवारों को सप्लाई हुआ था दूध

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कोरुकोंडा मंडल के नरसपुरम गांव में स्थित वरलक्ष्मी मिल्क डेरी से 106 परिवारों को आपूर्ति किया जाने वाला दूध इसका स्रोत हो सकता है। आपूर्ति तुरंत रोक दी गई।

जांच के लिए गठित की गई विशेष टीमें

इलाके में आपातकालीन चिकित्सा शिविर स्थापित किये गए हैं और चिकित्सकों व विशेषज्ञों का एक दल तैनात किया गया है।

लैब में भेजे गए नमूने, संदिग्ध विक्रेता हिरासत में

डेरी से आवश्यक नमूने लिये गए हैं सभी नमूनों को माइक्रोबियल, फिजियो-केमिकल और विषैले मिलावटी तत्वों की जांच के लिए काकीनाडा की जेएनटीयू लैब और हैदराबाद की विम्टा लैब भेजा गया है और संदिग्ध दूध विक्रेता अड्डाला गणेश्वरराव (33) को हिरासत में लिया गया है। डेरी को सील कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements