इंदौर में महिला से बलात्कार के आरोप में चिकित्सक गिरफ्तार, घर में तोड़-फोड़ और आगजनी

इंदौर में महिला से बलात्कार के आरोप में चिकित्सक गिरफ्तार, घर में तोड़-फोड़ और आगजनी
Share this news

इंदौर, 25 मार्च 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में इलाज के बहाने 30 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिये उसे धमकाने के आरोप में एक चिकित्सक को गिरफ्तार किया गया। चिकित्सक की गिरफ्तारी के बाद लोगों के समूह ने उसके घर में तोड़-फोड़ की और आग लगा दी। सिलसिलेवार घटनाक्रम से जिले में आक्रोश फैलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने अलग-अलग स्तरों पर कार्रवाई की है जिसमें चिकित्सक का क्लीनिक सील किया जाना शामिल है।

इंजेक्शन लगाकर किया दुष्कर्म, खींच आपत्तिजनक तस्वीरें

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि बड़गोंदा थाने में 22 मार्च की रात प्राथमिकी दर्ज कराते हुए 30 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि वह पेट दर्द की शिकायत पर तीन-चार महीने पहले स्थानीय चिकित्सक शाहिद उर्फ सईद खान के क्लीनिक में गई थी जिसने एक इंजेक्शन लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि इन तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर चिकित्सक उसे परेशान कर रहा था और उसने उसे पातालपानी क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में बुलाकर उसके साथ फिर से बलात्कार किया।

इन प्रावधानों के तहत दर्ज हुआ है मामला

चौधरी ने बताया कि महिला की शिकायत पर खान को भारतीय न्याय संहिता और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 के संबद्ध प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।

घर में घुसकर की तोड़-फोड़ और आगजनी

डीएसपी ने बताया,‘‘आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोगों के एक समूह ने उसके घर में घुसकर तोड़-फोड़ की और दरवाजे व मोटरसाइकिल में आग लगा दी।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर खान के एक परिजन की शिकायत पर महू पुलिस थाने में संबद्ध प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी के घर तोड़-फोड़ और आगजनी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के एक समूह ने पुलिस की इस कार्रवाई पर विरोध जताते हुए चिकित्सक के घर में कथित तोड़-फोड़ और आगजनी को लेकर दर्ज प्राथमिकी को ‘झूठा’ करार दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने किया चक्काजाम

प्रदर्शनकारियों ने इस मुद्दे पर किशनगंज क्षेत्र में सोमवार को चक्काजाम भी किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे राम दांगी ने दावा किया कि दुष्कर्म के आरोपी के परिवार के लोगों ने तोड़-फोड़ और आगजनी की कहानी गढ़कर ग्रामीणों के खिलाफ साजिशन झूठा मामला दर्ज कराया है।

गुजरखेड़ा में अवैध क्लिनिक किया को सील

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि महू के गुजरखेड़ा में खान के कथित तौर पर अवैध क्लिनिक को सील कर दिया गया है।अनुविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) राकेश परमार ने बताया,‘‘जांच में पाया गया कि खान इस क्लीनिक में बिना किसी मान्यताप्राप्त डिग्री और पंजीयन के एलोपैथिक पद्धति से मरीजों का इलाज कर रहा था। क्लीनिक के साथ छह बिस्तरों का छोटा अस्पताल भी संचालित किया जा रहा था।’’ उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में बिना अनुमति के एलोपैथिक दवाइयों का संग्रह भी मिला।

एसडीएम ने बताया,‘‘गंभीर गड़बड़ियों पर हमने खान के क्लिनिक को सील कर दिया है और उस पर संबद्ध प्रावधानों के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।’’ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पातालपानी के जिस रिसॉर्ट में खान पर महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप है, उसमें भी जांच की गई है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements