खरगोन/रायसेन (मप्र), 25 मार्च 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के खरगोन स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा करने आए उत्तर प्रदेश के एक युवक की स्नान करते समय नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई।
नावघाट खेड़ी नर्मदा घाट पर हुई यह घटना
यह घटना जिले के बड़वाह थाना अंतर्गत नावघाट खेड़ी नर्मदा घाट पर मंगलवार को हुई। थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौड़ ने बताया कि नदी में स्नान करते समय उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी अरुण गुप्ता का पुत्र संकल्प गुप्ता (24) डूबने लगा। उन्होंने बताया कि युवक को डूबता देख घाट पर मौजूद नाविकों ने उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए स्थानीय शासकीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे इंदौर भेज दिया गया।
राठौड़ के मुताबिक इंदौर ले जाने पर वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि संकल्प कपड़े का व्यवसाय करता था और अपने परिवार के साथ ओंकारेश्वर दर्शन करने आया था।
इससे पहले महेश्वर में हादसा
इससे पहले, सोमवार को रायसेन जिला मुख्यालय से 105 किमी दूर सिलवानी के एक छात्र की महेश्वर में नर्मदा नदी में नहाते समय मौत हो गई। रायसेन के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अनिल मौर्य ने बताया कि सिलवानी के व्यापारी सीमांत जैन का इकलौता बेटा आरुष जैन (16) अपने दोस्तों के साथ घूमने महेश्वर गया था और वहां नर्मदा नदी में नहाने के दौरान डूबने लगा।’
हालत बिगड़ने के कारण आरुष को इंदौर किया रेफर
उन्होंने बताया कि घाट पर तैनात गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसडीओपी ने बताया कि हालत बिगड़ने के कारण आरुष को इंदौर रेफर किया गया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस से सूचना मिलने पर परिजन इंदौर पहुंचे और पोस्टमार्टम कराकर शव को लेकर सिलवानी ले आए, जहां मंगलवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

