इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 मार्च 2026 (भाषा)
कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के कथित सदस्य के नाम पर इंदौर के एक रियल एस्टेट कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
वॉट्सऐप पर कॉल और वॉइस नोट के जरिये धमकाया
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को विदेश के एक नंबर से वॉट्सऐप पर कॉल और वॉइस नोट के जरिये धमकाया गया। उन्होंने बताया,‘‘जैन से फिरौती मांगने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सदस्य हैरी बॉक्सर बताया। उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनसे 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।’’
सबूतों के आधार पर जांच जारी
दंडोतिया ने बताया कि रियल एस्टेट कारोबारी की शिकायत पर तुकोगंज पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच जारी है।उन्होंने बताया कि कारोबारी को निजी सुरक्षा अधिकारी मुहैया कराया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इंदौर के आस-पास के जिलों के कुछ लोगों को भी फिरौती के लिए इसी तरह के कॉल आए हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

