खरगोन (मध्यप्रदेश), 13 मार्च 2026 (भाषा)
पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले द्वारा केरल में एक मुस्लिम युवक से शादी किए जाने के बाद मध्यप्रदेश के खरगोन में रह रहे उसके परिजनों ने कहा कि यह शादी उनकी मर्जी के खिलाफ की गई है।
फेसबुक के जरिए हुई थी दोनों की पहचान
भोंसले के परिवार के सदस्यों ने यहां संवाददाताओं को बताया कि महेश्वर की निवासी एवं घुमंतू पारधी समुदाय से संबंध रखने वाली मोनालिसा ने बुधवार को केरल के पूवर के अरुमानूर स्थित नैनार मंदिर में फरमान खान नामक युवक से विवाह किया। दोनों की पहचान करीब छह महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी।
मोनालिसा के पिता ने क्या-क्या बताया?
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने कहा, ‘‘दो मार्च को केरल से कुछ लोग आए और हमसे कहा कि वे मेरी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने और अभिनय का प्रशिक्षण देने में मदद करेंगे। मैं उसके साथ केरल गया था, लेकिन वहां उसने फरमान खान नाम के युवक से शादी कर ली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस कदम का विरोध किया और उसे महेश्वर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया।’’ जयसिंह ने कहा कि उन्होंने केरल में पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि मोनालिसा बालिग है और अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करने के लिए कानूनी रूप से स्वतंत्र है।
जनवरी में हुई थी मोनालिसा 18 वर्ष की
मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले ने बताया कि वह इस साल जनवरी में 18 वर्ष की हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग उसे अभिनय के अवसरों के बहाने केरल ले गए थे। हम बहुत पढ़े-लिखे नहीं हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि यह सब कैसे हुआ। शायद किसी ने उसे प्रभावित किया है। परिवार के पास उसके फैसले को स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसके भाग्य में जो लिखा है, वही होगा। हम केवल यह आशा करते हैं कि वह अपने करियर में सफल हो और जीवन में आगे बढ़े।’’

परिवार के सदस्यों के अनुसार, मोनालिसा ने इससे पहले फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा की ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ नामक फिल्म में लिया गया था और उसे मिला पारिश्रमिक उसकी यात्रा, ठहरने और प्रशिक्षण पर खर्च हुआ था। मोनालिसा के चचेरे भाई जय भोंसले ने बताया कि उसने एक बार अपने इलाके में एक स्कूल खोलने की इच्छा भी जताई थी।
इस मुद्दे पर ज्यादा बात करने से बच रहा परिवार
शादी की खबर फैलने के बाद महेश्वर में उसके घर पहुंचे पत्रकारों ने पाया कि परिवार इस मुद्दे पर ज्यादा बात करने से बच रहा है। मोनालिसा की दादी प्रमिला ने कहा कि वह फिल्म से जुड़े काम के सिलसिले में बाहर गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह शादी करना चाहती थी, तो हमें बता सकती थी। हम इसकी व्यवस्था कर देते।’’
लव जिहाद मामले को किया खारिज
इससे पहले दिन में मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक मुस्लिम युवक के साथ उसकी शादी उसकी अपनी पसंद से और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है। उसने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि यह ‘लव जिहाद’ का मामला है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी मोनालिसा ने कहा कि उसके माता-पिता चाहते थे कि वह अपनी चाची के बेटे से शादी करे, लेकिन उसने इसका विरोध किया। मोनालिसा ने यह भी कहा कि उसके पिता उससे नाराज हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

