सागर, 13 मार्च 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सागर जिले में 28 वर्षीय एक महिला ने अपनी चार नाबालिग बेटियों को कुएं में फेंककर मार डाला और फिर आत्महत्या कर ली।
फंदे पर लटका मिला मां का शव
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ललित कश्यप ने संवाददाताओं को बताया कि पांच महीने से सात साल की उम्र की चार बहनें बृहस्पतिवार को कुएं में मृत पाई गई थीं। उन्होंने कहा कि बाद में बच्चियों की मां सविता लोधी का शव बुंदेलखंड क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर खमरिया गांव में उसके घर में फंदे पर लटका मिला।
एक साल पहले छोड़ दिया था पति ने
केसली थाना प्रभारी लोकेश पटेल ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक साल पहले महिला के पति चंद्रभान लोधी ने उसे छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘आर्थिक संकट और निराशा के कारण संभवतः उसने यह कदम उठाया होगा या फिर लड़के की लालसा के कारण दंपति के बीच दरार आ गई होगी जिसके बाद महिला मानसिक तनाव में रही होगी।’’
खेती करके कर रही थी जीवन यापन
पटेल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने घटनास्थल से बताया कि महिला अपने ससुराल वालों के साथ रह रही थी और छोटी सी कृषि भूमि पर खेती करके अपना जीवन यापन कर रही थी। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सविता लोधी ने अपनी चार बेटियों को एक स्थानीय किसान के खेत में बने कुएं में फेंक दिया और बाद में घर में फंदा लगा लिया।
कश्यप ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से बच्चियों के शवों को बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके अंतिम संस्कार का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस जांच के तहत महिला के परिवार के सदस्यों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

