जैसलमेर में चलती बस में आग लगी, 20 यात्री जिंदा जले, 16 यात्री झुलसे

जैसलमेर में चलती बस में आग लगी, 20 यात्री जिंदा जले, 16 यात्री झुलसे
Share this news

जैसलमेर, 15 अक्टूबर 2025 (भाषा)

राजस्‍थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर बाद जोधपुर जा रही एक निजी बस में आग लगने से 20 लोग जिंदा जल गए और 16 गंभीर रूप से झुलस गए।

धुआं उठा और देखते-देखते आग का गोला बन गई बस

57 यात्रियों को लेकर बस अपराह्न करीब तीन बजे जैसलमेर से रवाना हुई थी। जैसलमेर-जोधपुर राजमार्ग पर बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। चालक ने बस को सड़क किनारे रोका। हालांकि कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

सेना के जवान और राहगीरों ने की मदद

स्थानीय निवासी और राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की। सेना के जवान भी मदद के लिए आगे आए।दमकल और पुलिस को सूचित किया गया और घायल यात्रियों को इलाज के लिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 16 यात्रियों को जोधपुर के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

20 लोगों की मौत

प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। पोकरण से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के विधायक प्रताप पुरी ने 20 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने ‘पीटीआई- भाषा’ से कहा, ‘‘बस में 19 यात्रियों की मौत हो गई और एक ने जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।’’

मुख्यमंत्री शर्मा ने किया घटनास्थल का दौरा

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार रात जैसलमेर पहुंचे और अधिकारियों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। जैसलमेर जिला प्रशासन ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही उसने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जैसलमेर में बस में लगी आग की घटना अत्यंत हृदय विदारक है। इस दुखद हादसे से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ’’

अन्य नेताओं ने इस हादसे पर किया दुख व्यक्त

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य नेताओं ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उचित उपचार और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements