
‘‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित होने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं : प्रधानमंत्री मोदी
अक्करा (घाना), 3 जुलाई 2025 (भाषा)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘प्रतिष्ठित शासनकला और प्रभावशाली वैश्विक नेतृत्व’’ के लिए घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को घाना के राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया।
मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात है यह पुरस्कार : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित होने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’’ मोदी ने सम्मान स्वीकार करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से यह पुरस्कार विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं।’’
उन्होंने इस सम्मान को दोनों देशों के युवाओं की आकांक्षाओं और उज्ज्वल भविष्य, घाना और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों तथा उनकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं एवं विविधता को समर्पित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सम्मान एक जिम्मेदारी भी देता है और वह जिम्मेदारी भारत-घाना मित्रता को और मजबूत बनाने के लिए काम करने की है। भारत घाना के लोगों के साथ हमेशा खड़ा रहेगा और एक भरोसेमंद दोस्त एवं विकास में भागीदार के रूप में योगदान देना जारी रखेगा।’’
प्रधानमंत्री ने इस विशेष सम्मान के लिए घाना के लोगों और सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्य और परंपराएं इस साझेदारी को पोषित करती रहेंगी।’’
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार ‘‘दोनों देशों के बीच मित्रता को और गहरा करता है तथा उन्हें द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की नयी जिम्मेदारी सौंपता है।’’
प्रधानमंत्री मोदी की घाना की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है और तीन दशकों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की यह पहली घाना यात्रा है।
‘ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ ’ से सम्मानित अन्य हस्तिया
- ब्रिटेन की महारानी के तौर पर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय,
- दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला
- संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान,
- 2018 में प्रिंस ऑफ वेल्स के रूप में महाराजा चार्ल्स तृतीय,
- मोरक्को के राजा किंग मोहम्मद चतुर्थ
- इटली के पूर्व राष्ट्रपति जियोर्जियो नेपोलिटानो
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे