नीमच, 12 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के नीमच जिले में बृहस्पतिवार को एक बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे एक व्यक्त की मौत हो गयी तथा उसके बाद गुस्साई भीड़ ने चौपहिया वाहन में आग लगा दी।
तेज रफ्तार बस ने 3 श्रमिकों को मारी टक्कर
रामपुरा थाने के प्रभारी विजय सागरिया ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर अमरपुरा में खिमला संयंत्र के पास सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। उन्होंने कहा, ‘‘मजदूरों को ले जा रही बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिसपर तीन लोग सवार थे। उनमें से एक लक्ष्मण मीणा (36) की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों में से एक को नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।’’
गुस्साए ग्रामीण और परिजनों ने किया हंगामा
सागरिया ने बताया कि गुस्साई भीड़ ने मीणा के परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए सड़क को अवरुद्ध कर दिया और बाद में बस में तोड़फोड़ की एवं आग लगा दी।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
तहसीलदार समेत पुलिस और राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे एवं प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत की, जिसके बाद सात घंटे के बाद सड़क जाम हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और घायलों के इलाज के लिए वित्तीय सहायता देने का आश्वासन दिया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

